Chatur Narad

News Portal

श्रीदेव सुमन विवि में आइडीपी लागू हुआ तो होगा कायाकल्प

  • शासन ने राजकीय विवि को आइडीपी तैयार करने के दिए थे निर्देश, श्रीदेव सुमन विवि ने दिया प्रेजेंटेशन
  • आइडीपी में विवि में मानव संसाधन व भवन-कक्षों की कमी दूर करने पर दिया जोर
  • ऋषिकेेश परिसर का निर्माण मास्टर प्लान से करने व भव्य खेल मैदान का भी है प्रस्ताव
  • आवश्यक संसाधन जुटाकर भविष्य में कई नये कोर्स शुरू करना भी है उद्देश्य

ऋषिकेश: शासन की ओर से सभी राजकीय विश्वविद्यालयों को दिए निर्देश के तहत श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय ने इंस्टीट्यूशन डेवलपमेंट प्रोग्राम (आइडीपी) तैयार कर लिया है। विवि ने आइडीपी में ऋषिकेश परिसर व संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षणिक एवं संरचनात्मक विकास का रोडमैप प्रस्तुत किया है। जिसमें नये कोर्स का संचालन करने के साथ ऋषिकेश परिसर का मास्टर प्लान के तहत निर्माण शामिल है। यदि आइडीपी को धरातल पर उतारा गया तो ऋषिकेश परिसर समेत अन्य महाविद्यालयों का कायाकल्प हो सकता है।
दरअसल, उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य विवि को एनईपी-2020 के प्राविधानों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन राजकीय विवि में एनईपी को प्रभावी तरीके से लागू करने में संस्थागत कई कमियां महसूस की जा रही हैं। इसके तहत शासन ने श्रीदेव सुमन विवि समेत अन्य राजकीय विवि को विवि स्तर पर संस्थागत विकास के लिए रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए थे, जिस कड़ी में श्रीदेव सुमन विवि पिछले कई महीने से आइडीपी का ड्राफ्ट तैयार करने में जुटा था। सितंबर माह के प्रथम सप्ताह में श्रीदेव सुमन विवि ने सचिवालय में शासन के अधिकारियों के समक्ष आइडीपी का प्रेजेंटेशन दिया है, जिसे शासन ने भी सराहा है। विवि ने आइडीपी का फाइनल ड्राफ्ट तैयार करने की जिम्मेदारी कला संकायाध्यक्ष प्रो. प्रशांत कुमार सिंह को सौंपी थी। उन्होंने अन्य संकायाध्यक्षों व विभागाध्यक्षों के सहयोग से आइडीपी का ड्राफ्ट तैयार करने में अहम भूमिका निभाई।


मास्टर प्लान से बनेगा ऋषिकेश परिसर

आइडीपी में ऋषिकेश परिसर का निर्माण मास्टर प्लान के तहत करने का सुझाव दिया गया है। इसमें परिसर के भवन को न्यूनतम तीन मंजिला बनाने पर जोर दिया है, ताकि परिसर के भूमि का सदुपयोग किया जा सके। इससे कम भूमि पर अधिक कक्ष बन सकेंगे और शेष भूमि का अन्य कार्यों में उपयोग हो सकेगा।

भव्य खेल मैदान बनाने की योजना
आइडीपी में ऋषिकेश परिसर में खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए भव्य खेल मैदान का निर्माण भी शामिल है। यह मैदान फुटबाल, क्रिकेट समेत एथलीट खेलों के भव्य आयोजन कराने में सक्षम होगा। साथ ही इसी आकृति में बदलाव कर आयताकार रूप में विकसित करने की योजना है, ताकि भवन परिसर के लिए अधिक स्थान उपलब्ध हो सके।


भविष्य में कई नये कोर्स होंगे शुरू

आइडीपी में ऋषिकेश परिसर में भवन एवं कक्षों की आवश्यकता को दूर करने पर जोर दिया है। यदि ऋषिकेश परिसर में आइडीपी को लागू किया जाता है तो संरचनात्मक विकास के चलते भवन एवं कक्षों की कमियों को दूर किया जा सकेगा। इससे बीएड, ला, बीपीएड, एमबीए, डिजास्टर मैनेजमेंट डिप्लोमा व कई अन्य कोर्स संचालित करने की योजना है।

‘शासन के निर्देश पर श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विवि ने आइडीपी का ड्राफ्ट तैयार किया है, जिसे शासन के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है। इसमें ऋषिकेश परिसर व संबद्ध महाविद्यालयों में मानव संसाधन प्रबंधन व संरचनात्मक विकास की आवश्यकताओं को शामिल किया है। साथ ही भविष्य में विवि की शैक्षणिक प्रगति के लिए कई रचनात्मक सुझाव दिए गए हैं। यदि विवि को आइडीपी का लाभ मिलता है तो इससे कई क्रांतिकारी सुधार हो सकेंगे … प्रो.एमएस रावत, परिसर निदेशक, श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विवि।’