Chatur Narad

News Portal

ढालवाला क्षेत्र में घुसा हाथी, मचा हड़कंप

चतुर नारद ब्यूरो, ऋषिकेश। ऋषिकेश से सटे टिहरी जिले के ढालवाला क्षेत्र में सोमवार देर रात एक हाथी के घुस आने से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। हाथी काफी देर तक आबादी क्षेत्र की गलियों में घूमता रहा, जिससे लोगों में भय का माहौल बना रहा। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर हाथी को गलियों से बाहर खदेड़ने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को जंगल की ओर वापस भेजा गया। स्थानीय सभासद विनोद सकलानी के अनुसार, क्षेत्र में पहले भी कई बार हाथियों की आवाजाही होती रही है, लेकिन कई महीनों बाद इस तरह की घटना सामने आई है।
उन्होंने बताया कि हाथी ने एक गली में दीवार तोड़कर खाने की तलाश करने की कोशिश की, हालांकि लोगों के शोर के बाद वह वहां से हट गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *