Chatur Narad

News Portal

एम्स ऋषिकेश की छत पर चढ़ा युवक, मचा हड़कंप

ऋषिकेश: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक अस्पताल की छठी मंजिल की छत पर पहुंच गया और कूदने का प्रयास करने लगा। घटना से अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और तीमारदारों में दहशत का माहौल बन गया।
संस्थान के पीआरओ श्रीलोय मोहंती के अनुसार युवक को उसके परिजन उपचार के लिए अस्पताल लाए थे। इसी दौरान जब उसका परिजन ओपीडी पर्चा बनवाने गया, तो युवक शौच का बहाना बनाकर छत की ओर चला गया। वहां उसने छत के लॉक दरवाजे को तोड़ दिया और चहारदीवारी पर चढ़कर कूदने की कोशिश करने लगा।
आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत कार्रवाई की और युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया। उनकी सतर्कता और सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
संस्थान प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *