Chatur Narad

News Portal

आटो सेक्टर दौड़ा, ज्वेलरी बाजार खनका, 12 करोड़ से अधिक धन वर्षा

  • ऋषिकेश में धनतेरस पर्व पर बाजार ग्राहकों से रहे गुलजार, ज्वेलरी, बर्तन भंडारों में उमड़े ग्राहक
  • 700 से अधिक दोपहिया वाहनों की हुई बिक्री, आटो सेक्टर में रहा सबसे अच्छा कारोबार, इलेक्ट्रिक वाहनों की रही खासी मांग

ऋषिकेश:धनतेरस पर तीर्थनगरी के बाजारों में 12 करोड़ से अधिक का कारोबार रहने का अनुमान है। सर्राफा से लेकर बर्तन व सजावटी सामान की दुकानें ग्राहकों से दिनभर गुलजार रहीं। खास कर आटो सेक्टर में दोपहिया वाहनों की बिक्री ने कारोबार को रफ्तार दी। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ऋषिकेश में 700 से अधिक दोपहिया वाहन की बिक्री होने का अनुमान है। ऐसे में बेहतर कारोबार को देखते हुए कारोबारियों के चेहरे भी खिले हुए हैं।
धनतेरस पर वाहन, संपत्ति, सोना, चांदी, बर्तन, खरीदने का महत्व है। इस बार लोगों ने सोना-चांदी खरीदने में अधिक रुचि दिखाई और खूब खरीदारी की। शुक्रवार सुबह से ही त्रिवेणी घाट रोड, मुखर्जी मार्ग, झंडा चौक, लाजपत राय रोड, तिलक रोड, लक्ष्मणझूला रोड, क्षेत्र रोड, देहरादून व रेलवे रोड में खासतौर पर ज्वेलरी के अलावा बर्तनों की दुकानों से काफी भीड़ उमड़ी रही। विभिन्न डिजाइन गिफ्ट पैक में तैयार की गई ज्वेलरी व बर्तनों का सेट की मांग अधिक रही। वहीं विशेष छूट और आफर का भी ग्राहकों ने लाभ उठाया।


आटो सेक्टर का बाजार खूब दौड़ा

ऋषिकेश में दोपहिया वाहनों का कारोबार ने खूब रफ्तार पकड़ी। शहरभर में 700 से अधिक दोपहिया वाहनों की बिक्री होने का अनुमान है। इनमें करीब 65 प्रतिशत से अधिक स्कूटी हैं। खास बात है कि खरीदे गए दोपहिया वाहनों में इलेक्ट्रिक व्हीकल को अधिक महत्व दिया गया है। ऋषिकेश नगर व आइडीपीएल, श्यामपुर व छिद्दरवाला आदि क्षेत्रों में दोपहिया वाहनों के शोरूम में रात 9 बजे तक रौनक देखने को मिली। वाहन खरीदने की योजना बना चुके लोगों ने धनतेरस के खास अवसर पर वाहन खरीदना उचित समझा।

ज्वेलरी बाजार में रही रौनक, खनकता रहा बाजार

ज्वेलरी प्रतिष्ठानों में धनतेरस के अवसर पर सोना-चांदी के आभूषण खरीदने को लेकर खासा उत्साह दिखा। मान्यताओं के अनुसार लोगों ने पसंदीदा आभूषण खरीदकर परंपरा को उत्साहपूर्वक निभाया। ज्वेलर कारोबारी भी धनतेरस का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। धनतेरस पर सुबह से रात तक ज्वेलर प्रतिष्ठानों में ग्राहकों की रौनक देखने को मिली। हालांकि, पिछले एक वर्ष में सोने का भाव अधिक बढ़ने के कारण खरीद में खास बढ़ोतरी दर्ज नहीं हो सकी, लेकिन कारोबार में स्थिरता भी कारोबारियों के लिए राहतभरी रही। सर्राफा कारोबारी हितेंद्र पंवार ने कहा कि धनतेरस पर सोने-चांदी के आभूषणों का कारोबार संतोषजनक रहा। कहा कि लोगों ने सामर्थ्य अनुसार दो से दस ग्राम तक के सिक्के, लक्ष्मी गणेश की चांदी की मूर्तियां, सिंहासन, पूजा थाल खरीदे। इसके अलावा थाली, कटोरी, गिलास, घंटी, दीये की भी मांग रही।

बर्तनों की दुकानों में उमड़ी भीड़

झंडा चौक, क्षेत्र रोड, मुखर्जी मार्ग आदि बाजारों में बर्तन भंडार में बर्तनों की खरीद को ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। हर किसी ने आवश्यकता ्अनुसार बर्तनों की खरीदारी की। स्टील, तांबा, पीतल के बर्तनों की खासा मांग रही। रात 9 बजे तक बर्तनों की दुकानों में भीड़ नजर आई। बर्तनों का कारोबार खासा चहका।

गिफ्ट पैक में मिठाई, कस्टमाइज बास्केट की मांग अधिक
दीपोत्सव पर्व पर एक दूसरे को देने के लिए अब अधिकांश लोग गिफ्ट पैक्ड की ओर जा रहे हैं। फिर चाहे मिठाई हो, जूस अथवा ड्राइ फ्रूट। इसके अलावा जिसे दीपावली पर जो भी पसंद आ रहा है अपने अनुसार उसकी बास्केट बनवा रहे हैं। शहर के विभिन्न माल व शापिंग स्टोर में यह क्रेज अधिक नजर आ रहा है। दरअसल, त्योहारी सीजन में खुली मिठाई में मिलावट की आशंका अधिक रहती जिससे वह ज्यादा दिन तक नहीं टिकती। ऐसे में ग्राहक हल्दीराम, बिकानो, कैडबरी, पारले, आइटीसी समेत कई नामी कंपनियों की मिठाई, जूस, नमकीन, चाकलेट, केक पसंद कर रहे हैं। दो साल के बाद घरों में विशेष उल्लास के साथ दीपोत्सव मनाया जाएगा इसलिए सगे संबंधी, दोस्तों को गिफ्ट आइटम पहुंचा रहे हैं।


धनतेरस पर सुबह से रात तक ऋषिकेश नगर व ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में रौनक रही। व्यापारियों को हर साल धनतेरस व दीपावली पर्व का बेसब्री से इंतजार रहता है। ऋषिकेश में कुल 12 करोड़ से अधिक कारोबार होने का अनुमान लगाया जा रहा है। त्योहारी सीजन में कारोबार पिछले साल की तुलना में लगभग बराबर रहने का अनुमान है। लेकिन आटो सेक्टर में दोपहिया वाहनों की बंपर खरीदारी हुई है। आटो सेक्टर कारोबारी के लिए धनतेरस पर्व सबसे लाभकारी रहा। आनलाइन शापिंग से मोबाइल कारोबार अधिक प्रभावित हो रहा है …. ललित मोहन मिश्र, अध्यक्ष, नगर उद्योग-व्यापार प्रतिनिधिमंडल।


ऋषिकेश में धनतेरस पर्व पर अच्छा कारोबार रहा। ज्वेलरी, बर्तन, इलेक्ट्रानिक समेत अन्य सामान की खूब खरीदारी हुई। यह बात सही है कि आनलाइन बाजार ने स्थानीय बाजारों के कारोबार को प्रभावित किया है। इसे देखते हुए व्यापार मंडल ने क्षेत्रवासियों से इस त्योहारी सीजन में आनलाइन खरीदारी न करने और स्थानीय बाजारों से सामान खरीदने की अपील की थी। इसे अच्छा समर्थन भी मिला है।
….प्रतीक कालिया, महामंत्री, नगर उद्योग-व्यापार प्रतिनिधिमंडल।