चतुर नारद ब्यूरो
ऋषिकेश: योगनगरी रेलवे स्टेशन पर एक कथित टिकट परीक्षक (टीई) द्वारा यात्री से टिकट के नाम पर पैसे हड़पने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपित व्यक्ति खुद को टीई बताते हुए पैसे लेने की बात स्वीकार करता दिखाई दे रहा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, वह 15 मार्च को स्टेशन पर टिकट लेने पहुंचे थे, जहां एक व्यक्ति ने खुद को टीई बताते हुए 16 मार्च की यात्रा के लिए 800 रुपये किराया बताया। यात्री ने उसे 1000 रुपये दे दिए। आरोप है कि अगले दिन जब वह यात्रा के लिए स्टेशन पहुंचे तो आरोपित का फोन बंद मिला और वह वहां मौजूद नहीं था। काफी तलाश के बाद भी जब वह नहीं मिला तो यात्री को दोबारा टिकट खरीदनी पड़ी।
शनिवार को शिकायतकर्ता ने उक्त व्यक्ति को स्टेशन परिसर में पकड़ लिया और रेलवे कर्मियों से उसकी पहचान की पुष्टि कराई। वीडियो में आरोपित अपना नाम संजय कुमार बताते हुए भविष्य में ऐसी गलती न करने की बात भी कहता नजर आ रहा है।
स्टेशन प्रबंधक सुरेंद्र कुमार शर्मा ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि घटना की पूरी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।











Leave a Reply