चतुर नारद ब्यूरो: एम्स ऋषिकेश में भर्ती के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई का निर्णय लिया है। संस्थान ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में अब दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक फर्जी फेसबुक पेज के माध्यम से एमटीएस, ऑफिस अटेंडेंट और वार्ड अटेंडेंट जैसे पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे जा रहे थे, जबकि संस्थान में ऐसी कोई भर्ती प्रक्रिया जारी नहीं है। इस पर संस्थान ने आपत्ति जताते हुए इसे पूरी तरह फर्जी करार दिया है।
उपनिदेशक (प्रशासन) लेफ्टिनेंट कर्नल गोपाल मेहरा ने बताया कि एम्स एक केंद्रीय स्वास्थ्य संस्थान है और भर्ती से संबंधित सभी सूचनाएं केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही जारी की जाती हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक विज्ञापनों के झांसे में न आएं।
संस्थान ने चेतावनी दी है कि यदि कोई स्टाफ सदस्य भी इस साजिश में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ प्रशासनिक व वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, फर्जी पेज संचालकों के खिलाफ साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इनसेट:
👉 भर्ती से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही देखें
👉 सोशल मीडिया पर जारी विज्ञापनों की पहले पुष्टि करें
👉 संदिग्ध मामलों की सूचना तुरंत संस्थान या पुलिस को दें
एम्स में नौकरी दिलवाने वाला गिरोह सक्रिय, एम्स प्रशासन की उड़ी नींद











Leave a Reply